संवाद न्यूज एजेंसी
टहरौली। बंगरा-चंदवारी मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल है, जिसके इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
ग्राम बंगरा निवासी देवेश पटेल शुक्रवार की शाम अपनी पत्नी सपना (22) के साथ बाइक से टहरौली की ओर जा रहे थे। रात तकरीबन आठ बजे बंगरा-चंदवारी मार्ग पर पहुंचने पर उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों जमीन पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी लगने पर मौके पर खासी संख्या में आसपास के लोग जमा हो गए। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। लेकिन, तब तक सपना की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि, घायल देवेश को आनन-फानन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बता दें कि मृतका की दो साल बेटी है। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।