झांसी। किला मार्ग से झरना गेट की ओर जाने वाली सड़क की चौड़ी दोगुनी कर दी गई है। इससे यहां दुर्घटना का खतरा कम हो गया है। साथ ही वाहनों को आवागमन भी सुगम हो गया है।
किले की तलहटी में मुक्ताकाशी मंच के पीछे से झरना गेट की ओर रास्ता जाता है। इसी रास्ते के बीच क्राफ्ट मेला ग्राउंड है। इस ग्राउंड पर राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रम आए दिन होते रहते हैं। झांसी महोत्सव व मेले का भी इस ग्राउंड पर आयोजन होता है। लेकिन, मार्ग संकरा होने की वजह से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। साथ ही दुर्घटना का भी खतरा बना रहता था। इस समस्या के समाधान के लिए झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा सड़क की चौड़ाई दोगुनी कर दी गई है। पहले ये छह मीटर चौड़ी सड़क थी, जिसे 12 मीटर चौड़ा कर दिया गया है। बीच में डिवाइडर भी बनाया गया है।
मुक्ताकाशी मंच का बदलेगा स्वरूप
झांसी। क्राफ्ट मेला ग्राउंड का भी स्वरूप बदला जा रहा है। जेडीए इसका सौंदर्यीकरण कर रहा है। 3900 वर्गमीटर के इस मंच की बाउंड्री बनाई जा रही है, जिस पर राजस्थान के लाल पत्थर लगाए जाएंगे। इसके अलावा मुक्ताकाशी मंच का भव्य प्रवेश द्वार भी बनाया जाएगा। इस पर 62 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी।
किले के नीचे के इलाके को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। इसी के तहत सड़क चौड़ीकरण व मुक्ताकाशी मंच के सौंदर्यीकरण काम जारी है। आगामी एक माह में ये काम पूरा कर लिया जाएगा।
- सर्वेश कुमार दीक्षित, उपाध्यक्ष - जेडीए