अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। भाजपा पार्षदों के कोतवाली में धरने के बाद पुलिस ने दोतरफा रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वार्ड नंबर-39 के पार्षद प्रतिनिधि राहुल तिवारी का आरोप है कि 16 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का 11 वर्ष पूरा होने पर नई बस्ती में चौपाल बुलाई गई थी। इसमें आरोपियों ने भाजपा कार्यकर्ता और महिलाओं से गाली-गलौज व अभद्रता की। वहीं, दूसरे पक्ष ने पार्षद प्रतिनिधि समेत चार लोगों के खिलाफ गाली-गलौज और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पार्षद प्रतिनिधि ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि सेक्टर संयोजक वीरेंद्र झा के नई बस्ती स्थिति आवास पर भाजपा के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद थे। तभी वहां आए थापक गार्डन के संचालक विष्णु थापक, अभिषेक थापक, रामू और तीन-चार अज्ञात लोगों ने चौपाल में बैठे लोगों से गाली-गलौज कर दी। सेक्टर संयोजक की भाभी और पत्नी के साथ गाली-गलौज की गई। पार्षद प्रतिनिधि की पिटाई की गई और एडवोकेट मुकेश मौर्य को मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। कोतवाली प्रभारी ने शिकायत लेकर पहुंचे पार्षदों से अभद्रता की तो उन्होंने कोतवाली में ही धरना शुरू कर दिया।
वहीं, थापक बाग निवासी विष्णु नारायण थापक ने रिपोर्ट कराई है कि 16 जून की शाम करीब पांच बजे वह अपने छज्जे पर खड़ा था। तभी पार्षद राजेश्वरी तिवारी का पुत्र राहुल तिवारी घर की फोटोग्राफी करने लगा। मना करने पर उसके साथ मौजूद मुकेश मौर्या निवासी थापक बाग, वीरेंद्र झा निवासी विष्णु विहार कॉलोनी व एक अन्य ने गाली-गलौज कर दी। वहीं, कोतवाली प्रभारी राजेश पाल का कहना है कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।