अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जांच में पकड़ा गया परचून से भरा लोडर छोड़ने का दबाव बनाते हुए दंपती ने जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर को बीच सड़क धमकी दी। उन्होंने असिस्टेंट कमिश्नर का कार से पीछा भी किया। इसे लेकर हाईवे पर तकरीबन पौन घंटे तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
राज्यकर सचल दल चतुर्थ इकाई के असिस्टेंट कमिश्नर विनोद मित्रा बुधवार की शाम अपनी टीम के साथ रक्सा के पास शिवपुरी हाईवे पर चेकिंग कर रहे थे। इस दरम्यान टीम ने करेरा की ओर जा रहे एक लोडर को रोका, जिसमें परचून का माल भरा हुआ था। जांच में प्रपत्रों से अधिक माल वाहन में पाया गया। इस पर गाड़ी को विभाग के रक्सा ऑफिस में बंद कर दिया गया। इसके बाद, असिस्टेंट कमिश्नर अपनी टीम के साथ जांच के लिए डगरवाहा पहुंच गए। वहां से वह रक्सा ऑफिस लौट रहे थे। इसी बीच एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। कार में पुरुष चालक के साथ एक महिला भी सवार थी। दोनों ने उतरकर असिस्टेंट कमिश्नर की गाड़ी को घेर लिया और दरवाजा खोलने की कोशिश करने लगे। असिस्टेंट कमिश्नर ने गाड़ी को अंदर से लॉक कर किसी तरह रक्सा टोल प्लाजा पहुंचे। इसी बीच, उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी। कार सवार उनका पीछा करते हुए टोल प्लाजा पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए गाड़ी छोड़ने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान पुलिस भी वहां आ पहुंची। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवपुरी के करेरा निवासी बल्लू राय बताया। कार सवार महिला उसकी पत्नी आशा निकली। असिस्टेंट कमिश्नर की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। रक्सा थानाध्यक्ष परवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है।