झांसी। गेहूं खरीद केंद्रों से गेहूं उठान काफी धीमा है। मंडल के करीब पौने दो सौ केंद्रों में खरीद का करीब तीस फीसदी गेहूं पड़ा है। इस गेहूं को एफसीआई अभी तक गोदाम में नहीं रखवा सकी है। इन दिनों हो रही बारिश की वजह से इसके खराब होने का खतरा पैदा हो गया है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि मजदूरों की बेहद कमी के चलते उठान नहीं हो पा रहा है।
मंडल में एक अप्रैल से गेहूं खरीद चल रही है, लेकिन उठान की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकी है। केंद्रों से समय पर गेहूं का उठान न होने से बड़ी मात्रा में गेहूं इन केंद्रों में ही पड़ा हुआ है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक झांसी में 6431 किसानों से 33230.25 मीट्रिक टन गेहूं खरीद हो चुकी, लेकिन इसके मुकाबले अभी तक 28036.55 मीट्रिक टन गेहूं का ही उठान हुआ है, जबकि 5085 मीट्रिक टन गेहूं बाहर पड़ा हुआ है।
मंडल के ललितपुर एवं महोबा जनपदों में गेहूं उठान इससे भी पीछे चल रहा है। अफसरों का कहना है कि करीब तीस फीसदी गेहूं केंद्र पर पड़ा हुआ है। इधर मौसम भी तेजी से खराब हो रहा है। पिछले दो दिनों में बारिश भी हो चुकी। केंद्रों में अनाज को भीगने से बचाने के लिए अधिक उपाय नहीं हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही कि अगर बारिश अधिक हुई तब खरीदा गया गेहूं भी भीग सकता है। उधर, अधिकारियों का कहना है कि कोविड के चलते मजदूर बहुत कम हो गए हैं। मजदूरों के न मिलने की वजह से उठान तेज नहीं हो पा रहा है। हालांकि उनका कहना है कि बारिश से बचाव के लिए सभी क्रय केंद्रोें में इंतजाम किए गए हैं। आरएफसी नरेंद्र कुमार का कहना है कि गेहूं को भीगने से बचाने के उपाय सेंटर पर किए गए हैं। एफसीआई को उठान में तेजी लाने के लिए कहा गया है।
ईद एवं बुद्ध पूर्णिमा पर भी खुलेंगे क्रय केंद्र
जिलाधिकारी आंद्रा वामसी के मुताबिक रविवार एवं राजपत्रित अवकाश छोड़कर सभी दिन क्रय केंद्र खोले जाएंगे। झांसी में क्रय केंद्रों में अधिक आवक को देखते हुए 14 मई शुक्रवार ईद एवं 26 मई को बुद्ध पूर्णिमा के दिन भी क्रय केंद्र खोले जाएंगे।