गुरसराय। बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने बुधवार को गुरसराय में मशाल जुलूस निकाला। मोर्चा अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्य बनवाने के नारे लगाए।
भानु सहाय ने बताया कि प्रभु श्रीराम को साक्षी मानकर तीन साल में राज्य का वादा किया गया था। 12 वर्ष से अधिक बीतने के बाद भी इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सत्तादल के जनप्रतिनिधियों ने भी बुंदेलखंड राज्य के लिए आवाज नहीं उठाई। इसी विरोध में तुम्हें प्रभु राम कौ कोल (कसम) अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत गांव-गांव और वार्डों में लोगों को जोड़ा जा रहा है। आगामी चुनावों में मतदाताओं की कलाई पर राम बंधन कलावा बांधकर समर्थन मांगा जाएगा। 21 अक्तूबर से झांसी के गांधी उद्यान में अनशन, सत्याग्रह और यह अभियान शुरू होगा। उन्होंने बुंदेलखंड के लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचकर सहयोग देने की अपील की।