झांसी। सिंचाई विभाग की सुकुवां-ढुकुवां कॉलोनी स्थित पंप हाउस में दो दिन से विषखोपड़ा घुसकर बैठा हुआ है। इस वजह से पंप हाउस बंद है। सैकड़ों लोगों को इस वजह से पानी नहीं मिल पा रहा। परेशान लोगों ने एक्सईएन से भी शिकायत की लेकिन, उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।
कॉलोनी निवासियों के मुताबिक उक्त कॉलोनी में जलापूर्ति वहां लगे पंप हाउस के जरिए होती है। मंगलवार शाम वहां विषखोपड़ा घुस गया। यह देख वहां तैनात कर्मचारी भाग खड़े हुए। इसके बाद अधिकारियों को इसकी सूचना दी। लेकिन, इस विषैले जंतु को बाहर निकालने की कोई कोशिश नहीं हुई। ऐसे में कर्मचारी भी भीतर जाने को राजी नहीं हुए। बुधवार को भी पंप हाउस बंद रहा और पूरी कॉलोनी में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। पानी न मिलने से परेशान लोगों को इलाइट चौराहे से पानी लाना पड़ा। बृहस्पतिवार सुबह भी इस वजह से पंप नहीं चल सका। स्थानीय लोगों ने एक्सईएन उमेश कुमार से शिकायत की लेकिन, उन्होंने इसे अनसुना कर दिया। सिंचाई विभाग के ही कुछ कर्मचारियों ने मिर्च का धुआं आदि करके उसे बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन, सफल नहीं हुए।