मौसम में बदलाव होने से मौसमी फलों की मांग बढ़ गई है। जिसमें सबसे अधिक तरबूज की मांग है। शहर की फल मंडियों में भी तरबूज की खेप लगातार आने लगी है। मांग के अनुसार अभी मध्यप्रदेश से ही तरबूज को मंगाया जा रहा है। बाजार में फुटकर दुकानदार द्वारा बीस रुपये प्रति किलों के हिसाब से तरबूज को बेजा जा रहा है।
गर्मी में तेजी आते ही लोगों के फलों में भी तब्दीली आ गई है। इस मौसम में लोग रसीले फलों को ही खाना पसंद करते हैं। पानी की मात्रा अधिक होने के कारण सबसे अधिक तरबूज को पसंद किया जाता है। तापमान के बढ़ते ही शहर के बाजार में तरबूज की मांग बढ़ गई है। फल विक्रेता मोहम्मद आजाद ने बताया कि तापमान में तेजी होते ही शहर भर में तरबूज की मांग बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि अभी मांग के हिसाब से ही तरबूज को मध्य प्रदेश से बड़वा से मंगाया जा रहा है। दुकानदार ने बताया कि आम तौर पर इटावा व मैनपुरी से ही तरबूज को मंगाया जाता है, लेकिन वहां की फसल कुछ समय बाद तैयार होगी। लेकिन मांग अधिक होने से मध्य प्रदेश से मंगाना पड़ रहा है। बाजार में अभी छोटे आकार का तरबूज आ रहा है। मंडी में दस से ग्यारह रुपये के हिसाब से बेचा जा रहा है। लेकिन बाजारों में फुटकर फल विक्रेताओं के द्वारा बीस रुपये प्रति किलो के हिसाब से ही बेचा जा रहा है।