रक्सा पेयजल योजना से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों को सोमवार से पाइप लाइन के जरिए पानी मिलने लगेगा। बृहस्पतिवार को रक्सा में बनी पानी की टंकी को भरने के बाद नई पाइप लाइन की सफाई का काम शुरू हो गया है। आठ जून को जल निगम रक्सा में शिविर लगाकर लोगों को नई पाइप लाइन से संयोजन भी देगा।
पिछले माह रक्सा पेयजल योजना की टेस्टिंग के उपरांत अठौंदना, पाली पहाड़ी, डेली और ढिमरपुरा गांवों को पानी मिलने लगा था। परंतु आगे की पाइप लाइन के ज्वाइंटों में लीकेज सामने आने के कारण रक्सा व ग्राम सिजवाहा पानी नहीं पहुुंच सका। मगर अब रक्सा टंकी तक सभी कार्य दुरुस्त कर लिए गए हैं। सोमवार को रक्सा टंकी में पानी भरने के बाद वितरण पाइप लाइनों में सफाई (बजरी आदि) का काम किया गया। अंतिम छोर पर पानी निकलने के बाद उनको एक- एक बंद कर दिया गया।
यह टंकी दो साल पहले बनी थी। पहली बार टंकी में पानी भरने से कुछ सीपेज सामने आए थे। इन सीपेज को शुक्रवार से पाउडर की मदद से बंद किया जाएगा। इस कार्य में दो दिन का समय लगेगा। रविवार को टंकी भरने का काम होगा और सोमवार से रक्सा क्षेत्र में पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी। योजना के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों को एक से डेढ़ घंटे प्रतिदिन पानी दिया जाएगा।
गौरतलब है कि महानगर से 10 किलोमीटर दूर स्थित गांव रक्सा ड्राई (सूखा) क्षेत्र है। रक्सा में करीब 20 हजार की आबादी है। यहां का जलस्तर बहुत नीचा होने के कारण क्षेत्रवासियों को साल भर जल संकट का सामना करना पड़ता है। आसपास के गांवों का भी यही हाल है। इस क्षेत्र के जल संकट को दूर करने के लिए समूह ग्राम पेयजल योजना के तहत रक्सा, डेली, ढिमरपुरा, अठौंदना, पाली पहाड़ी, सिजवाहा गांवों को लाभान्वित किया गया है। 221 लाख रुपये की लागत वाली इस योजना का काम पूरा हो गया है।