झांसी। रेलवे स्टेशन पर अब बर्बाद पानी का भी सदुपयोग हो सकेगा। इस पानी को दुबारा पीने योग्य व अन्य कार्यों में उपयोग में लाने के लिए वाटर रिसाइकलिंग प्लांट लगाया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। यह प्लांट त्र1.50 करोड़ की लागत से तैयार होगा।
नेशनल मिशन ‘पानी बचाओ’ अभियान अब झांसी स्टेशन पर भी सार्थक होता दिखाई देगा। अभी प्लेटफार्मों पर लगे नलों, भोजनालय, वेटिंग रूम, विश्रामालय, कानपुर साइडिंग में पैसेंजर ट्रेनों की धुलाई आदि से हजारों लीटर पानी प्रतिदिन नाली में बहकर बर्बाद हो जाता है। गर्मियों के दिनों में पानी की किल्लत हो जाती है। इस बर्बाद पानी का दुबारा उपयोग करने के लिए अब रेलवे स्टेशन की कानपुर साइडिंग के पास वाटर रिसाइकलिंग प्लांट लगाया जाएगा।
इस प्लांट के जरिये पानी को पूर्व की तरह पीने के उपयोग में लाया जा सकता है।
इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। यह प्लांट 1.50 करोड़ की लागत से तैयार होगा। इस संबंध में डीआरएम एस के अग्रवाल ने बताया कि योजना पर स्टीमेट तैयार हो रहा है। जल्द ही टेंडर आमंत्रित कर प्लांट के काम को पूरा कराया जाएगा।