राजघाट से रोका पानी, नहीं भर सका माताटीला बांध
झांसी। मध्य प्रदेश के भोपाल और आसपास क्षेत्र में बारिश थमने के बाद बेतवा में पानी की धार कम हो गई है। राजघाट बांध से पानी छोड़ना बंद कर दिया गया है। राजघाट बांध से तीन दिन तक छूटे पानी से भी माताटीला बांध अभी पूरा नहीं भर सका है। यह बांध अभी साढ़े पांच फीट खाली है। इससे बांध के गेट फिलहाल खुलने की उम्मीद खत्म हो गई है। वहीं, बांध का मनोरम दृश्य देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में पर्यटक पहुंचने लगे हैं।
मध्य प्रदेश के भोपाल क्षेत्र में 12 दिन तक रुक-रुककर हुई झमाझम बारिश से ललितपुर स्थित राजघाट बांध नौ अगस्त को लबालब हो गया था। नतीजतन, राजघाट बांध अपने पूर्ण जलस्तर 370.90 मीटर के सापेक्ष 368.90 मीटर भर गया। बांध में एकाएक पानी न बढ़ जाए, इस कारण नौ अगस्त की शाम छह बजे 18 में से तीन गेट एक-एक मीटर खोलकर 16 हजार क्यूसेक पानी बेतवा नदी में छोड़ा गया। रात 11 बजे से 33 हजार क्यूसेक, सुबह छह बजे से 75 हजार क्यूसेक, सुबह आठ बजे 1.22 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। शनिवार रात को छह गेट डेढ़ मीटर व चार गेट एक मीटर पर खोलकर 75 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। मगर, दस अगस्त से भोपाल क्षेत्र में बारिश थमने से बेतवा नदी में पानी की धार कम हो गई। इससे राजघाट बांध का जलस्तर बढ़ना बंद हो गया। राजघाट बांध से रविवार की दोपहर दो बजे तक 17 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद पानी छोड़ना बंद कर दिया। राजघाट बांध से छूटे पानी से माताटीला बांध 1006.70 फीट ही भर सका। अभी राजघाट बांध साढ़े छह फीट और माताटीला साढ़े पांच फीट खाली है।
डैम प्रभारी जेके मौर्या के अनुसार 15 अगस्त तक माताटीला बांध का जलस्तर जब 1010 फीट भरने का लक्ष्य बनाया गया है। 31 अगस्त तक 1011 फीट और सात सितंबर तक 1012 फीट तक भरने का लक्ष्य बनाया गया है। इसके बाद अगर बांध में पानी बढ़ता है तो वह गेट खोलकर नदी में छोड़ा जाएगा।