बड़ा बाजार में निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान निर्देश देते महापौर रामतीर्थ सिंघल।
झांसी। महानगर के बड़ा बाजार में चल रहे पार्किं ग स्थल के निर्माण कार्य का मंगलवार को महापौर रामतीर्थ सिंघल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्किंग स्थल पर बने प्याऊ की जगह वाटर एटीएम और महिला-पुरुषों के लिए यूरिनल बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही अवर अभियंता को निर्माण कार्य समय पर पूरा कराने के साथ नालियों से अतिक्रमण हटवाने के लिए कहा।
महानगर के बड़ा बाजार में अतिक्रमण होने से हर वक्त जाम की समस्या बनी रहती है। यहां बीच में हथठेल और पटरी दुकानदार अपना सामान बेचते हैं। इसके चलते लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। नगर निगम बड़ा बाजार को सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए बीच में पार्किंग बनवा रहा है। इसे लेकर पिछले दिनों पटरी दुकानदारों ने रोष जताते हुए निर्माण कार्य रोकने की कोशिश की थी। जिनको नगर निगम ने दूसरी जगह मुहैया कराने का आश्वासन दिया। मंगलवार को महापौर रामतीर्थ सिंघल ने निर्माण कार्य की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने कहा कि व्यापारियों और बाजार आने वाले लोगों के लिए एक ओर स्मार्ट सिटी के तहत वाटर एटीएम लगाया जाएगा। जिसमें एक हजार लीटर पानी की उपलब्धता रहेगी। इसके साथ ही पानी को फिल्टर कर पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही बाजार में महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग यूरिनल बनवाए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने अवर अभियंता को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने और नालियों से अतिक्रमण को दूर कराने के निर्देश दिए। इस दौरान पार्षद निर्दोष अग्रवाल, मुकेश सोनी बंटी समेत तमाम व्यापारी मौजूद रहे।