बुधवार को मंडलायुक्त के राम मोहन राव ने आपूर्ति विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर ललितपुर के जिला पूर्ति अधिकारी को चेतावनी दी। इसके अलावा अन्य कमियों पर पूर्ति निरीक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा।
कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा के दौरान सामने आया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत झांसी में 75.13 प्रतिशत तथा जालौन में 62.32 प्रतिशत सर्वे कार्य कर लिया गया है। जबकि, ललितपुर में कार्य की प्रगति महज 26.72 प्रतिशत है। इस पर मंडलायुक्त ने ललितपुर डीएसओ को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य जुलाई में शत प्रतिशत पूर्ण किया जाना है। जिलाधिकारी सर्वे की प्रति सप्ताह मानीटरिंग करें। इस दौरान डेली डायरी एवं फोटो युक्त निरीक्षण आख्या गुणवत्तापूर्ण न होने पर कमिश्नर ने पूर्ति निरीक्षक सलीम अहमद, लक्ष्मीनारायण गुप्ता व राजेश कुमार वर्मा तथा ललितपुर के पूर्ति निरीक्षक गिरवर सिंह यादव से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। इस दौरान नवीन राशन कार्ड वितरण व राशन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक करने के कार्य की भी समीक्षा हुई। मंडलायुक्त ने निरस्त दुकानों का पुन: संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनमानस को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर संयुक्त विकास आयुक्त डीपी मिश्रा, उप निदेशक अर्थ एवं सांख्यिकी भोलाराम, डीएसओ झांसी अशोक कुमार, डीएसओ जालौन जीके शुक्ला, डीएसओ ललितपुर एसराम आदि मौजूद रहे।