उत्तर प्रदेश के सर्वाधिक प्रतिष्ठित लक्ष्मण पुरस्कार व महाराष्ट्र के बेस्ट शूटर आफ इंडिया का अवार्ड जीतने वाली डॉ. रंजना गुप्ता ने यूएसए के वर्जीनिया में आयोजित ‘वर्ल्ड पुलिस ऐंड फायर गेम्स’ में वर्ल्ड रिकार्ड बनाकर इतिहास रच दिया है। दो वर्ष से प्रदेश की श्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी जा रहीं डॉ. गुप्ता ने चीन को पछाड़कर तीन गोल्ड, दो सिल्वर और एक कांस्य पदक हासिल कर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। बुधवार को जब वह लौटकर आईं तो झांसी रेलवे स्टेशन पर पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एसएसपी ने पुलिस लाइन में पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया।
मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली डॉ. रंजना गुप्ता कानपुर नगर के रतनलाल नगर निवासी चिरौंजी लाल की बेटी हैं। पुलिस में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सपना देखने वाली डॉ. गुप्ता वर्तमान में झांसी में महिला थानाध्यक्ष हैं। बचपन से ही शूटिंग के प्रति उनका विशेष लगाव रहा। यूएसए के वर्जीनिया में होने वाली ‘वर्ल्ड पुलिस ऐंड फायर गेम्स’ में खेलने के लिए उनका चयन हुआ। पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों ने जाने की अनुमति तो दी मगर आर्थिक मदद के नाम पर हाथ खींच लिए। फिर बचपन से देखे सपने पर कुहांसा देख डॉ. गुप्ता ने हिम्मत जुटाई और परिवार व सहयोगियों की मदद से सपना पूरा करने वर्जीनिया चली गईं। वहां, कई देशों के आए नामचीन निशानेबाज उनकी निशानेबाजी को देखकर हैरान थे। उन्होंने बिग बोर के 300 मीटर प्रोन पोजीशन मुकाबले में गोल्ड, इंटरनेशनल प्रोन में सिल्वर मेडल पर निशाना साधा। 10 मीटर की एयर रायफल मुकाबले में एक गोल्ड व कांस्य पदक जीता। स्माल बोर की 50 मीटर प्रतियोगिता में गोल्ड व सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में यूएसए ने इंटरनेशनल रुल्स की बजाए अपने बनाए रुल्स लागू किए, जिसकी वजह से निशाना भेदने में दिक्कत आई। 600 अंक की प्रतियोगिता में उन्होंने 596 अंक हासिल किए हैं। डॉ. रंजना ने बताया कि यह प्रतियोगिता वर्ष 1989 के बाद अब आयोजित की गई थी। वह भूटान में आयोजित इंटरनेशनल शूटिंग चैंपियनशिप, 58वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के अलावा दर्जनों मुकाबलों में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।