संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। स्टेट बार कौंसिल का चुनाव अब मात्र तीन दिन दूर है। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। अधिवक्ता संघ ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर पुलिस बल की मांग की है। झांसी क्लब में होने वाले मतदान के लिए 10 बूथ बनाए जा रहे हैं।
स्टेट बार कौंसिल के 25 सदस्यों के चयन के लिए 333 उम्मीदवार मैदान में हैं। स्थानीय उम्मीदवार के रूप में पूर्व पदाधिकारी जानकीशरण पांडे चित्रकूट से हैं। अन्य प्रत्याशी भी अधिवक्ताओं से संपर्क कर रहे हैं। मतदान की तिथि तय कर दी गई है। 20 व 21 जनवरी को होने वाले मतदान के लिए झांसी क्लब में मतदान बूथ बनाए जा रहे हैं। जिला अधिवक्ता संघ के महामंत्री छोटेलाल वर्मा ने बताया कि 10 मतदान बूथ बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा बल मांगा गया है।
200 से ज्यादा बढ़ गए मतदाता
करीब तीन महीने पहले हुए जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में केवल झांसी में 2064 मतदाता अधिवक्ता थे। अब इनकी संख्या 2261 हो गई है। यानी करीब 200 मतदाता बढ़ गए हैं। वहीं, मोंठ, गुरसराय, गरौठा समेत अन्य तहसीलों के मतदाता अलग हैं। ऐसे में कुल तीन हजार से ज्यादा अधिवक्ता मतदान करेंगे।