झांसी। नाम बदलकर प्रेम जाल में फंसाने वालों के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद युवतियों को जागरूक करेगा। रविवार से बजरंग दल, मातृ शक्ति और दुर्गा वाहिनी आयाम जन जागरण अभियान शुरू करेंगे। ताकि, हिंदू सनातन संस्कृति सुरक्षित और संरक्षित रहे। पत्रकार वार्ता में यह जानकारी संगठन मंत्री रोहित अग्निहोत्री ने दी।
संगठन मंत्री ने कहा कि झांसी में भी दूसरे धर्म के युवकों द्वारा नाम बदलकर हिंदू युवतियों को प्रेम जाल में फंसाया जा रहा है। अब विश्व हिंदू परिषद इसके खिलाफ आवाज बुलंद करेगा। रविवार से शुरू होने वाले जन जागरण अभियान की रूपरेखा तय कर ली गई है। मातृ शक्ति आयाम घर-घर जाकर, दुर्गा वाहिनी स्कूल, कॉलेजों में और बजरंग दल युवाओं को जागरूक करेगा। ताकि, कोई भी युवती इस कुचक्र में न फंस सके। इसके अलावा लोगों से भी संपर्क कर जानकारी की जाएगी कि उनकी नजर में कोई हिंदू युवती किसी दूसरे धर्म के युवक के प्रेम जाल में तो नहीं फंस गई है। यदि कोई भी ऐसा मामला सामने आता है तो आरोपी के खिलाफ विहिप कार्रवाई कराएगा। इस दौरान विभाग अध्यक्ष पंकज गुप्ता, महानगर अध्यक्ष प्रभाकर अवस्थी, कोषाध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, बजरंग दल जिला संयोजक गिरीश प्रजापति, बजरंग दल सह संयोजक हरीश बजरंगी व अजय सिंह मौजूद रहे।