झांसी। शनिवार दोपहर थाना रक्सा क्षेत्र के पाली गांव में कार निकलने के दौरान पानी का पाइप टूटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों तरफ से पथराव होने के बाद एक दूसरे को लाठी-डंडों से पीटा जिसमें दस लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा। गांव में पीएस बल के साथ भारी फोर्स तैनात कर दिया गया है। देर रात पुलिस मामले की जांच में जुटी रही।
थाना रक्सा के पाली गांव निवासी मनोहर के घर के बाहर सड़क पर पानी का पाइप डला है। शनिवार सुबह गांव के एक व्यक्ति की कार निकलने के चलते पाइप टूट गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे को पीटना शुरू कर दिया। देखते-देखते पथराव भी होने लगा। विवाद में एक पक्ष के मनोहर (65), कांति (33), साधना (27), हरकुंवर (55) व सपना (15) घायल हो गईं। वहीं, दूसरे पक्ष से सरदार (34), कमलेश (35), जितेंद्र (33), हीरालाल (70) व रेखा (38) घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालने के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स के साथ पीएसी तैनात की गई है।