संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने शुक्रवार को क्षेत्र में व्याप्त विद्युत अव्यवस्था को लेकर विद्युत वितरण उपखंड मोंठ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से वार्ता कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने और लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अमरौख गांव स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र को शीघ्र सुचारू कराने के भी निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा सभी क्षेत्रों में तय समय के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी शासन के निर्देशों का पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से पालन करें।