मऊरानीपुर। उपजिलाधिकारी अजय यादव ने पशु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। जिसमें पशु चिकित्सक अनुपस्थित मिले। उपस्थिति रजिस्टर में चार दिन के हस्ताक्षर नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। जिस पर उन्होंने अनुपस्थित पशु चिकित्सक को नोटिस जारी किया।
उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सक की लगातार अनुपस्थित रहने एवं कभी कभार आकर उपस्थिति दर्ज कराने, ग्राम पंचायत की गोशालाओं सहित कार्य कर पुनः वापस चले जाने की शिकायत मिली थी। वहीं, उपजिलाधिकारी ने उपस्थित स्टाॅफ पशुओं की सूची मांगी। पशु चिकित्सालय में आए किसानों का रजिस्टर जांचा। किसानों के मोबाइल नंबर नहीं मिलने पर रजिस्टर में पैरा बढ़ाकर नंबर दर्ज करने के निर्देश दिए। दवाइयों का रजिस्टर जांचा। मुफ्त दवाइयों की सूची अंकित करने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों का जायजा
मऊरानीपुर। विकासखंड सभागार में उपजिलाधिकारी अजय यादव की अध्यक्षता में तहसीलदार प्रभात कुमार, खंड विकास अधिकारी सुनील सिंह की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। जिसमें क्राॅप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, जीरो पावती, वृद्धावस्था, निराश्रित विधवा, विकलांग पेंशन, व्यक्तिगत शौचालय, सीएम डेस्क बोर्ड के संबंध में समीक्षा की गई। वहीं, आरआरसी सेंटर के लिए आवंटित विवाद भूमि के संबंध में जानकारी ली गई। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री को तेजी से कराने, सरकार द्वारा चलाई जा रही उक्त योजनाओं में आ रही समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए गए। बैठक में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, रोजगार सेवक, मनरेगा एपीओ सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।