अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। 69 हजार शिक्षक भर्ती के दौरान झांसी में तैनाती पाए दो सौ शिक्षकों के शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच दो दिन में पूरी हो गई है। हालांकि, इनकी जांच में सभी शिक्षकों के दस्तावेज ठीक मिले हैं। दो से तीन दिन में बचे हुए शिक्षकों की भी जांच पूरी होने के आसार हैं।
झांसी में 69 हजार शिक्षक भर्ती के समय जनपद में लगभग साढ़े पांच सौ शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी। हाल में शासन से आदेश आया है कि भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के लिए अंतिम तिथि 22 दिसंबर 2018 निर्धारित थी। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों के पास आवेदन की अंतिम तिथि 22 दिसंबर 2018 तक शैक्षिक अर्हता पूरी नहीं है, उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करते हुए तत्काल सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाए। इसके बाद से बेसिक शिक्षा विभाग में खलबली मची हुई है।
शासन से फरमान आने के बाद बीएसए ने ऐसे शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच शुरू करवा दी है। बृहस्पतिवार को 50 शिक्षकों के दस्तावेज जांचे गए थे। बीएसए विपुल शिव सागर ने बताया कि शुक्रवार को 150 शिक्षकों के शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच की गई। जल्द ही सभी शिक्षकों की जांच पूरी कर ली जाएगी। जो शिक्षक तय तिथि तक शैक्षिक अर्हता पूरी नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।