विधानसभा चुनाव की मतगणना की वजह से शनिवार को शहर की यातायात व्यवस्था परिवर्तित रहेगी। सुबह छह बजे से मतगणना समाप्ति तक नगर के भीतर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से परिवर्तित रहेगा। गाड़ियों को शहर के बाहर बाईपास से होकर गुजारा जाएगा। जबकि, मतगणना स्थल बुंदेलखंड कॉलेज की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों चालकों को मुख्य मार्गों की जगह अन्य रास्तों से निकाला जाएगा। शुक्रवार को इसकी तैयारियां पूरी कर ली गईं। जगह-जगह बैरियर लगाकर पुलिस की तैनाती की गई है।
इस मार्ग से निकलेंगे भारी वाहन
- ललितपुर से आने वाले भारी वाहनों को हंसारी चौकी, कानपुर व मऊरानीपुर से आने वाले वाहनों को मऊरानीपुर तिराहा, शिवपुरी की ओर से आने वाले वाहन शिवपुरी-झांसी-ग्वालियर रोड तिराहा तथा ग्वालियर की ओर से आने वाले वाहन पाल कॉलोनी के पास ओवरब्रिज पर रोक लिए जाएंगे। इन स्थानों से वाहनों को बाईपास मार्गों के जरिये गुजारा जाएगा।
शहर के भीतर ये रहेगी व्यवस्था
- सीपरी बाजार से बीकेडी की ओर आने वाले वाहनों को पंचतंत्र पार्क के पास रोक लिया जाएगा। यह वाहन चित्रा चौराहे से होकर गुजारे जाएंगे।
- ग्वालियर रोड की ओर से आने वाले वाहनों को ग्वालियर रोड चौकी के पास रोका जाएगा। यह वाहन आईटीआई क्रासिंग से होकर गुजार जाएंगे।
- इलाइट से बीकेडी की ओर आने वाले वाहनों को जीवनशाह तिराहे पर रोक लिया जाएगा। यहां से वाहन खंडेराव गेट की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
- शहर से बीकेडी की ओर आने वाले वाहनों को आंतिया तालाब पर रोका जाएगा। यहां से वाहन मुन्नालाल पावर हाउस के पीछे वाले रास्ते से ग्वालियर रोड पर निकाले जाएंगे।
प्रदर्शनी ग्राउंड में पार्किंग
मतगणना में भाग लेने वाले कर्मचारी, प्रत्याशी व उनके एजेंटों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था प्रदर्शनी ग्राउंड में रहेगी। यहां से सभी को पैदल मतगणना स्थल पर आना होगा।
नहीं लगेगा जाम
यातायात व्यवस्था सुबह छह बजे से मतगणना समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। लोगों को आवागमन मेें समस्या न हो, इसके पूरे इंतजाम किए गए हैं। जिन परिवर्तित मार्गों से वाहनों को गुजारा जाएगा, वहां जाम की स्थिति पैदा न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
- सुभाष यादव, उप निरीक्षक (यातायात)