झांसी। कोतवाली क्षेत्र के अंदर उनाव गेट भांडेरी गेट निवासी सब्जी विक्रेता का शव गढ़मऊ झील में मिला। वह शनिवार से लापता थे। परिजनों ने हत्या कर शव झील में फेंकने का आरोप लगाया है।
भांडेरी गेट निवासी मोहम्मद मकबूल खान (30) पुत्र मोहम्मद इमाम सब्जी मंडी में सब्जी बेचने का काम करते थे। उनकी दो बेटियां हैं। शनिवार की सुबह वे घर से सब्जी मंडी के लिए निकल गए। सब्जी बेचने के बाद से वे लापता हो गए। देर रात तक जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। पुलिस को सूचित किया। रविवार की सुबह बड़ागांव क्षेत्र में स्थित गढ़मऊ झील में उनका शव पानी में उतराता मिला। गांव वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उनकी शिनाख्त की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने बताया कि मकबूल अपने साथ तीस- चालीस हजार रुपये लिए थे। उनका मोबाइल भी गायब है। गांव वालों ने बताया कि शाम को एक बाइक से तीन लोग तालाब पर आए थे। आशंका है कि उनकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया।