झांसी। लगातार हो रही बारिश का असर बाजार पर भी दिखने लगा है। प्याज की कीमतों में तेजी आ गई है। यह दस रुपये से बढ़कर पंद्रह रुपये प्रति किलो पर जा पहुंची है। जबकि, सीजन की मशहूर सब्जी ककोरा की भी आवक बाजार में कम हो गई है। मौसम की मार के चलते अचानक महंगी हो रहीं सब्जियों से थाली का स्वाद बिगड़ सकता है। इससे गृहणियों की परेशानी बढ़ गई है।
अभी तक बढ़े दामों की वजह से दाल थाली का स्वाद बिगाड़ रही थी। लेकिन, अब प्याज ने भी तल्ख रुख अख्तियार कर लिया है। इससे लोगों की परेशानी बढ़नी तय है। सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक जमकर हो रही बारिश के कारण यातायात प्रभावित है। इसके चलते अन्य जनपदों से सब्जियों का आयात प्रभावित हो रहा है। यदि ऐसा और कुछ दिन चलता रहा तो सब्जियों के दामों में अचानक बढ़ात्तरी होनी तय है। बड़ा बाजार में सब्जी बेचने वाले गणेश के मुताबिक झांसी में प्याज मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र से आती है और इस वर्ष प्याज की अच्छी पैदावार हुई है।
इस कारण अभी तक वह खूब सस्ती बिकी। लेकिन, भारी बरसात के चलते समय पर प्याज जिले में नहीं आ पा रही है। यही वजह है कि इसके दाम बढ़ गए हैं। इसी प्रकार से अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़ने की संभावना है। हालांकि, टमाटर की कीमतों में नरमी देखने को मिल रही है। टमाटर के दाम 60-80 से घटकर 30-40 रुपये प्रति किलो हो गए हैं।
सब्जी विक्रेताओं के अनुसार आयात प्रभावित होने के कारण ही बरसात के सीजन में खूब बिकने वाला ककोरा भी इन दिनों बाजार में कम ही दिख रहा है। जबकि, कोसा की फली की पैदावार समीपवर्ती क्षेत्रों में होने से यह बाजार में अपनी जगह बनाए है। वर्तमान में ककोरा 100 से 120 रुपये किलो, तो कोसा की फली 30 से 40 रुपये प्रति किलो बिक रही है।