झांसी। कार्यों में लापरवाही के आरोप में ग्राम पंचायत अमरपुर के ग्राम पंचायत अधिकारी राजवीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने गुरसराय के सहायक विकास अधिकारी को पूरे मामले की जांच सौंपी है।
ग्राम पंचायत अधिकारी राजवीर सिंह दो सितंबर को ही बहाल किए गए थे। इसके बाद उनको अमरपुर, इमिलिया एवं बसाई गांव की जिम्मेदारी दी गई लेकिन वह कभी इन गांवों में ही नहीं गए। ग्रामीणों की शिकायत पर जांच हुई। बबीना खंड विकास अधिकारी से जांच कराई गई। उन्होंने यह शिकायत सही पाई। करीब दो माह की तैनाती के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी कभी इन गांवों में गए ही नहीं। खंड विकास अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को डीपीआरओ जगदीश राम गौतम ने राजवीर सिंह को निलंबित करते हुए बबीना में सहायक विकास अधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया है।