झांसी। जिला महिला अस्पताल में कायाकल्प की दो सदस्यीय टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की ओटी, प्रसव कक्ष, दवा काउंटर, साफ-सफाई, चिकित्सकों की मौजूदगी के अलावा अन्य कई जगहों का जायजा लिया। कार्यक्रम निर्धारित होने के कारण अस्पताल की व्यवस्थाओं को पहले ही दुरुस्त करा दिया गया था।
कायाकल्प की टीम में मौजूद डॉ. राजेंद्र वार्ष्णेय व डॉ. नाजिया खान ने अस्पताल पहुंचकर सबसे पहले सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद टीम ने डॉक्टरों के कक्षों, दवाई भंडार, आपरेशन भंडार, एसएनसीयू सहित अस्पताल में मौजूद मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। टीम को सब ओके मिला।
दरअसल, टीम के आने की सूचना पर वार्डों की सफाई चकाचक कर दी गई थी। अस्पताल में भर्ती मरीजों को समय से खाना दिया गया। खाने की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा गया। मरीजों को तीनों समय खाना भी बांटा गया। अस्पताल की व्यवस्था को देखकर कुछ मरीज आपस में सवाल भी कर रहे थे कि कोई मंत्री का दौरा है? अस्पताल की व्यवस्थाओं के आधार पर ही टीम द्वारा अंक दिए जाएंगे। यही अंक प्रदेश स्तर की रेटिंग तय करेंगे।