झांसी। महानगर में मेडिकल कॉलेज के बाहर अब वाहनों की पार्किंग होगी। नगर निगम ने मेडिकल कॉलेज और महारानी लक्ष्मीबाई पार्क समेत तमाम स्थानों पर पार्किंग ठेकों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कई स्थानों पर पार्किंग ठेके की बोली की धनराशि में इजाफा किया गया है।
नगर निगम हर साल वाहनों की पार्किंग को लेकर नीलामी कराता है। पिछले साल मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर एक से तीन के बाहर पार्किंग को लेकर नीलामी प्रक्रिया कराई थी, लेकिन किसी ने भी नीलामी प्रक्रिया में भाग नहीं लिया। इस बार पार्किंग ठेके की बोली की धनराशि साढ़े चार लाख रुपये तय की गई है। वहीं रानी महल के सामने, मोतीलाल कॉॅम्पलैक्स के अंदर, जर्मनी अस्पताल, सीपरी बाजार अन्नपूर्णा भोजनालय के पास, कोर्ट के पास पार्किंग ठेकों की नीलामी की जाएगी। वहीं लक्ष्मीबाई पार्क और मैथिलीशरण गुप्त पार्क के बाहर पार्किंग ठेके की नीलामी होगी। यहां सुबह पांच बजे से 10 बजे तक आने वाले लोगों से पार्किंग का शुल्क नहीं लिया जाएगा। बस स्टैंड पर प्राइवेट बसों की पार्किंग के लिए भी नीलामी होगी। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि पार्किंग ठेके की अवधि 15 जुलाई से 31 मार्च 2021 तक होगी। इसके लिए 13 जुलाई तक आवेदन लिए जाएंगे।