पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस किसी दूसरे राजनीतिक दल से गठबंधन करेगी या नहीं, इसका निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। कांग्रेस का जहाज न डूबा था, न है और न डूबेगा। जो लोग ऐसा सोचते हैं, उनकी बड़ी भूल है। वह पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद पहली बार झांसी आए पूर्व मंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड के झांसी को कांग्रेस ने बहुत कुछ दिया है। मेडिकल कालेज हो या रेलवे, यह सब कुछ कांग्रेस की देन है। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस में जूनियर कार्यकर्ता बनकर काम करेंगे। अब सिर्फ कांग्रेस में ही रहेंगे। किसी और पार्टी में जाऊं या सोचूं तो पाप है। भारतीय जनता पार्टी के 1984 में दो सांसद थे, 1989 में 88 सांसद हो गए व अब पूर्ण बहुमत में आ गई, लेकिन इसके पीछे सांप्रदायिक सोच है। केंद्र सरकार को चार साल बीत गए, पर अच्छे दिन कहां हैं, यह बताने वाला कोई नहीं है। कांग्रेस ने ही देश व प्रदेश के लिए कुर्बानियां दी हैं।