- व्यक्तिगत को चार और पत्राचार के लिए पांच केंद्र शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट के प्राइवेट व पत्राचार के फार्म को अग्रसारित करने के लिए जनपद में नौ विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। इसमें व्यक्तिगत के चार और पत्राचार के लिए पांच केंद्र शामिल हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 में होने वाली यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है। जिले में परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब व्यक्तिगत व पत्राचार के फार्म भरने के लिए नौ सेंटर निर्धारित कर दिए हैं। इसमें चार विद्यालयों राजकीय इंटर कॉलेज माताटीला, राजकीय इंटर कॉलेज जखौरा, राजकीय इंटर कॉलेज बार, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महरौनी को व्यक्तिगत और पांच विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज ललितपुर, मर्दन सिंह इंटर कॉलेज तालबेहट, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तालबेहट और शांति निकेतन इंटर कॉलेज महरौनी पत्राचार के फार्म को अग्रसारित करने के लिए चुना गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि बोर्ड के निर्देशानुसार फार्म अग्रसारण के लिए विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है।