यूपी बोर्ड: मॉडल पेपर हुए ऑनलाइन
झांसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2020 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाएं फरवरी मेें शुरू होंगी। परीक्षार्थियों की तैयारियों को बेहतर और आसान बनाने के लिए परिषद ने अपनी वेबसाइट पर हाईस्कूल व इंटर के करीब 14 विषयों के मॉडल पेपर अपलोड किए हैं। इनमें हिंदी, विज्ञान आदि विषयों के पेपर हैं।
बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर अक्सर परीक्षार्थियों में तनाव बना रहता है। यह तनाव परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों पर प्रभावी न हो, इसके लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरह यूपी बोर्ड ने अपनी वेबसाइट upmsp.edu.in पर मॉडल पेपर अपलोड किए हैं। इसे डाउनलोड कर हाईस्कूल व इंटर के विद्यार्थी मॉडल पेपर को देख सकते हैं। हाईस्कूल के मॉडल पेपरों में सामाजिक, खुदरा व्यापार सहित कई अन्य विषय हैं। इंटरमीडिएट में हिंदी, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, अर्थ शास्त्र, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान आदि विषयों के हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कोमल यादव के अनुसार परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थी इसे देख सकते हैं।