शैक्षिक गुणवत्ता जांचने को बेसिक के विद्यार्थियों की होगी विशेष परीक्षा
झांसी। जिले में यूपी बोर्ड की तर्ज पर बेसिक शिक्षा विभाग के कक्षा पांच से लेकर आठ तक के सभी 61, 800 विद्यार्थी आठ नवंबर को लर्निंग आउट कम की परीक्षा देंगे। इनके रिजल्ट के जरिए जांचा जाएगा कि शैक्षिक गुणवत्ता को लेकर चलायी गई अब तक की योजनाओं का क्या लाभ हुआ। परीक्षा के दिन जिले से लेकर गांव तक के सभी अधिकारी पर्यवेक्षक के बतौर तैनात रहेंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग में शैक्षिक गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए शासन और प्रशासन द्वारा समय - समय पर कई योजनाएं चलायी जा रही हैं। इन योजनाओं पर करोड़ाें रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ब्लाक स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक शिक्षकों को प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। इन योजनाओं से बच्चों पर क्या प्रभाव पड़ा। इसे जांचने के लिए निदेशालय आठ नवंबर को लर्निंग आउट कम की परीक्षा करा रहा है। इस परीक्षा और रिजल्ट के बाद भविष्य की सभी योजनाएं शासन और निदेशालय द्वारा तैयार की जाएंगी। बीएसए हरिवंश कुमार ने बताया कि परीक्षा के लिए प्रत्येक विद्यालय में नोडल अधिकारी और न्याय पंचायत प्रभारी नियुक्त किए जा रहे हैं। प्रत्येक विद्यालय में दूसरे विद्यालय के शिक्षक पर्यवेक्षक के रूप में तैनात होंगे। जो कापियां सील कर बीआरसी तक पहुंचाएंगे। वहीं, ग्राम पंचायत सचिव से लेकर जिला स्तर तक के सभी अधिकारी पर्यवेक्षण करेंगे। सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश है कि वह विद्यार्थी की उपस्थिति शत प्रतिशत रखें।