संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। 22 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इस बार परीक्षा के वक्त कक्ष निरीक्षक और स्टाफ का मोबाइल परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक के लॉकर में रहेगा। परीक्षा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को डीएम अविनाश कुमार ने बैठक की।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर होने वाली किसी भी गड़बड़ी के लिए केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों की बाउंड्रीवाल, सीसीटीवी कैमरों का परीक्षण जरूर किया जाए। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं समय से और क्रमानुसार ही वितरित की जाएं। डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी कर रहे कक्ष निरीक्षक, सहायक कर्मी और क्लर्क परीक्षा के आधे घंटे पहले मोबाइल फोन बंद कर केंद्र व्यवस्थापक के लॉकर में जमा करेंगे। सभी कक्ष निरीक्षकों को पहचान पत्र रखना होगा। स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में ही प्रश्नपत्र खोले जाएंगे।
डीएम ने कहा कि परीक्षा में लापरवाही बरतने पर अधिकारी, कक्ष निरीक्षक, प्रधानाचार्य पर सख्त कार्रवाई होगी। हर केंद्र पर पुलिस बल तैनात होगा। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि जिले में 46533 परीक्षार्थी यूपी बोर्ड परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 67 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा छह जोनल मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। 3310 कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए हैं। छह सचल दल गठित किए गए हैं। बैठक में एडीएम प्रशासन एके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विधेश कुमार, सीओ सिटी राजेश कुमार राय उपस्थित रहे।