झांसी। जिले में यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 81 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने पर पहली मुहर लगा दी है। इन विद्यालयों को परीक्षा आयोजन के लिए पूरी अवस्थापना सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं से लैस पाया गया। अब बोर्ड की ओर से पहले चरण में चयनित किए गए विद्यालयों के लिए 30 जनवरी तक आपत्तियां मांगी गई हैं। इसके बाद परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जारी की जाएगी।
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इंटरमीडिएट में तीन फरवरी से प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरू होनी हैं। इसके साथ ही बुधवार को बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की अनन्तिम सूची जारी कर दी। जिला स्तर से परीक्षा केंद्र बनाने के लिए 228 विद्यालयों का सत्यापन कर रिपोर्ट ऑनलाइन फीड की गई थी। जिसमें से बोर्ड ने 81 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने पर पहली मुहर लगाई है। बोर्ड की अनन्तिम सूची के आधार पर देखा जाए तो पिछले साल के मुकाबले 14 परीक्षा केंद्र बढ़ाए गए हैं। अब डीआईओएस ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से चयनित किए गए 81 परीक्षा केंद्रों को लेकर 30 जनवरी तक आपत्तियां मांगी हैं। आपत्तियां मिलने के बाद बोर्ड 22 फ रवरी तक परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जारी करेगा। डीआईओएस कोमल सिंह यादव ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की अनन्तिम सूची जारी हो चुकी है। 30 जनवरी तक आपत्ति दे सकते हैं।