झांसी। उन्नाव-बालाजी रोड का निर्माण इसी माह शुरू हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। यह रोड केंद्र सरकार के सेंट्रल रोड फंड से बनाई जा रही है, जिस पर अठारह करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। सड़क निर्माण का काम एक साल में पूरा कर लिया जाएगा।
उन्नाव-बालाजी रोड की पिछले कई सालों से दशा खराब है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जिससे आवा गमन में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। बारिश से सड़क और भी खस्ताहाल स्थिति में पहुंच गई है। जबकि, यह मप्र के दतिया में स्थित तीर्थ स्थल बालाजी तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है।
इसके अलावा यह सड़क झांसी शहर को कानपुर हाईवे से भी जोड़ती है। इसके महत्व को ध्यान में रखते हुए स्थानीय सांसद /केंद्रीय मंत्री उमा भारती के प्रयासों से इस रोड का चयन सेंट्रल रोड फंड के तहत किया गया था। यह जिले की एक मात्र सड़क है, जिसका चयन सेंट्रल रोड फंड में हुआ है। सड़क निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने अठारह करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है, इसमें टोकन मनी के रूप में 2.41 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। पीडब्लूडी ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। उत्तर प्रदेश के हिस्से में आने वाली 11 किलोमीटर की सड़क बनाई जा रही है।
‘उन्नाव-बालाजी रोड सात मीटर चौड़ी बनाई जाएगी। जबकि, अब तक इस रोड की चौड़ाई तीन मीटर है और कहीं-कहीं अधिकतम पांच मीटर है। सड़क चौड़ी होने से भारी वाहनों का आवागमन भी आसान हो जाएगा। जल्द ही केंद्र सरकार से अवशेष धनराशि भी मिल जाएगी।’
- एके जैन, अधिशासी अभियंता - पीडब्लूडी