झांसी कानपुर हाईवे पर दिगारा के पास शनिवार रात एक कारोबारी की गाड़ी पर कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस जांच में जुट गई है।
थाना बड़ागांव के दिगारा निवासी जितेंद्र कुमार दुबे कारोबारी हैं। वह मेडिकल कॉलेज के पास बने शिवलोक अस्पताल में पार्टनर भी हैं। शनिवार रात वह कार में सवार होकर अस्पताल से घर लौट रहे थे।
दिगारा के पास पहुंचते ही कुछ लोगों ने गाड़ी पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पथराव करना शुरू कर दिया। इसमें गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और पीछे का कांच टूट गया। वह जान बचाकर कार से उतरकर सड़क पर भागे। उन्होंने मोबाइल से बड़ागांव पुलिस को सूचना दी।
खबर मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार और एसपी सिटी विवेक कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। देर रात तक पुलिस मामले की जांच में जुटी रही। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।