केंद्र सरकार की रोजगार मुहैया करवाने की योजना के अंतर्गत बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में मॉडल कैरियर सेंटर खुलेगा। इस सेंटर पर बेरोजगार युवक नौकरी ढूंढ सकते हैं और कॅरियर के लिए सलाह भी ले सकेंगे। अप्र्रैल तक इस सेंटर का शुभारंभ हो जाएगा। इसके लिए प्रदेश के चार शहरों को चुना गया है। इसमें बनारस, मेरठ, लखनऊ और झांसी शामिल हैं।
युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने के लिए केंद्र सरकार ने एनसीएस पोर्टल शुरू किया है। इसमें देशभर के बेरोजगार और कंपनियां अपना रजिस्ट्रेशन कर सकेंगीं। इस पोर्टल के साथ-साथ मॉडल कॅरियर सेंटर की स्थापना भी होगी। झांसी में यह सेंटर बुदेलखंड विश्वविद्यालय में बनाया जाएगा। 12 लाख की लागत से बन रहे सेंटर का शुभारंभ अप्रैल महीने से हो जाएगा। सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक ने बताया कि यह योजना पिछले साल से चल रही है। इसके लिए विश्वविद्यालय ने विभाग को एक सभागार भी उपलब्ध करवा दिया है। एक महीने पहले कंप्यूटर और जरूरी सामान खरीदने के लिए बजट भी मुहैया करवा दिया है। अगले वित्तीय वर्ष में इसे शुरु कर दिया जाएगा।
कॅरियर सेंटर के फायदे
सेवायोजन कार्यालय की योजना के अनुसार सेंटर पर 25-30 कंप्यूटर लगाए जाएंगे। यहां कोई भी बेरोजगार आकर कॅरियर के बारे में सलाह ले सकेगा और प्राइवेट व सरकारी नौकरियों की जानकारी प्राप्त कर सकेगा। किसी विशेष क्षेत्र में काम करने के इच्छुक बेरोजगारों को उनकी रुचि के अनुसार ट्रेनिंग मुहैया करवाई जाएगी। इसके लिए यहां कैरियर काउंसलर , कंप्यूटर ट्रेनर और सेवायोजन विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
पोर्टल के फायदे
केंद्र सरकार के पोर्टल पर कोई भी कंपनी और बेरोजगार अपना पंजीकरण कर सकता है। ncs.gov.in साइट पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद एर्क आई डी और पासवर्ड प्राप्त होगा। इसके बाद यदि कंपनी को किसी क्षेत्र के लिए कर्मचारी की जरूरत होगी तो वह एक ही क्लिक पर सभी पात्र अभ्यर्थियों की जानकारी प्राप्त कर लेगी और उनसे संपर्क कर सकेगी। वहीं बेरोजगार व्यक्ति अपनी योग्यता के अनुसार कंपनियों में अपने लिए नौकरी ढ़ूंढ सकता है और उनके लिए पोर्टल के माध्यम से आवेदन भी कर सकता है। इसके अलावा दैनिक मजदूरी पर काम करने वाले कर्मचारी भी रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। मान लीजिये किसी को घर में लाइट की फिटिंग के लिए इलेक्ट्रीशयन की जरूरत है तो वह इस पेार्टल पर जाकर अपने आसपास के क्षेत्र में रहने वाले इलेक्ट्रीशियन को ढूंढ सकता है। इस पोर्टल में पूरे देश की कंपनियां और बेरोजगार रजिस्टर्ड होंगे।