झांसी। दो साल पहले स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने ललितपुर जिले का गांव पवा गोद लिया था, लेकिन वह उस गांव की बदहाली अभी तक दूर नहीं कर पाईं हैं। अब उन्होंने सांसद आदर्श ग्राम योजना के दूसरे चरण में झांसी जनपद के ब्लॉक चिरगांव का ग्राम करगुवां गोद लिया है, जहां लगभग शहर जैसी सुविधाएं हैं। यह गांव हाईवे से सटा है और बुनियादी सुविधाओं के मामले में कई शहरी आबादी से भी बेहतर स्थिति में है।
सांसद आदर्श ग्राम योजना के पहले चरण में उमा भारती ने ललितपुर जनपद के तालबेहट ब्लाक का गांव पवा गोद लिया था। पवा के विकास के नाम पर उमा भारती के खाते में सिर्फ सोलर लाइट ही जाती हैं। इसके अलावा गांव में उमा की ओर से अन्य कोई विकास कार्य नहीं किया गया। हाईस्कूल खोले जाने की योजना जरूर बनाई गई थी, लेकिन इस दिशा में काम कोई नहीं हुआ। अब योजना के दूसरे चरण में उन्होंने चिरगांव ब्लाक मुख्यालय से महज सात किलोमीटर दूर स्थित गांव करगुवां को गोद लिया है। यह गांव झांसी-कानपुर हाईवे से सटा हुआ है। गांव की अंदरूनी सड़कें पक्की आरसीसी की बनी हुई हैं। गांव साफ-सुथरा नजर आता है। इसके अलावा गांव में पानी की भी कोई किल्लत नहीं है। गांव की आबादी लोधी बाहुल्य है और नौकरी पेशा लोगों की संख्या भी अच्छी है। गांव में प्राइमरी व जूनियर हाईस्कूल है। साथ ही हेल्थ पोस्ट भी है।
योजना का उद्देश्य
झांसी। सांसद आदर्श ग्राम योजना गांवों के निर्माण और विकास का कार्यक्रम है। इसका मुख्य लक्ष्य ग्रामीण इलाकों का विकास है। इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयप्रकाश नारायण के जन्म दिन पर 11 अक्तूबर 2014 को किया था। इस योजना के तहत गांवों के बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष फोकस है। चयनित गांव में व्यक्तिगत विकास, मानव विकास, सामाजिक विकास, आर्थिक विकास, पर्यावरण विकास, बुनियादी सुविधाएं, सामाजिक सुरक्षा व सुशासन के लिए आठ प्रकार के कार्यकलाप संचालित करने का प्रावधान है।
एक सप्ताह में दे रिपोर्ट
झांसी। आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित गांव करगुवां के विकास के संदर्भ में मुख्य विकास अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया है कि वह गांव का निरीक्षण कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके बाद योजना के क्रियान्वयन की कार्यवाही शुरू की जाएगी।