झांसी पहुंचा शिवांश, आज आएगा अक्षेंद्र
शिवाजी नगर का शिवांश यादव मंगलवार को झांसी पहुंच गया है। उसके आने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं, आशिक चौराहा के पास रहने वाला अक्षेंद्र बादल बुधवार तड़के झांसी पहुंच जाएगा। पिता डॉ. धर्मेंद्र बादल ने बताया कि नई दिल्ली पहुंचने के बाद अधिकारी उसे यूपी भवन लेकर पहुंचे। वहां से कार कराई गई, जो अलीगढ़, आगरा के छात्रों को उतारते हुए झांसी आएगी।
ऋतिक हंगरी तो श्रेया रोमानिया एयरपोर्ट पर
यूक्रेन की उजहोरोड नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ रहा नझाई बाजार का ऋतिक पटेल मंगलवार को हंगरी पहुंच गया। हालांकि, अभी ये तय नहीं हो पाया है कि कब तक उसे भारत के लिए फ्लाइट मिलेगी। वहीं, मास्टर कॉलोनी की श्रेया गुप्ता देर शाम रोमानिया एयरपोर्ट में दाखिल हो गईं। पिता प्रमोद गुप्ता ने बताया कि बुधवार तक फ्लाइट मिलने की संभावना है। सिविल लाइन का अखिल सिंह रोमानिया के सिरेट जिले के बास्केटबॉल कोर्ट में दूसरे छात्रों के साथ रुका हुआ है। पिता डॉ. एसएस सिंह ने बताया कि वहां पर एंबेसी के अधिकारियों ने खानपान की व्यवस्था की है। साथ ही परिजनों से बात करने के लिए एक सिम भी दिया गया है।