अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में बीएससी एग्रीकल्चर (ऑनर्स) की परीक्षा के दौरान शुक्रवार को दूसरे छात्रों के स्थान पर परीक्षा देते हुए दो युवकों को पकड़ा गया। केंद्राध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बीयू के केंद्राध्यक्ष संतोष पांडेय ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित की जा रही थी। इसी दौरान कक्ष संख्या-202 में जांच के समय सीट संख्या-15 पर बैठा युवक संदिग्ध पाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रवीण गुर्जर निवासी हर्षाना, थाना देवगांव (मध्य प्रदेश) बताया।
जांच में सामने आया कि वह छात्र श्याम के स्थान पर बीएससी एग्रीकल्चर (ऑनर्स) की परीक्षा दे रहा था। इसी प्रकार दूसरे मामले में रविंद्र मंडलोई के स्थान पर श्याम पटेल निवासी ग्राम बंजारी, देवगांव (मध्य प्रदेश) परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। केंद्राध्यक्ष डॉ. संतोष पांडेय ने दोनों युवकों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने गलती स्वीकार करते हुए हस्तलिखित स्वीकार पत्र भी दिया। इसके बाद मामले की सूचना नवाबाद थाना पुलिस को दी गई। नवाबाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।