झांसी। कोरोना वायरस ने अब एक और बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया है। शहर में रहने वाला दो वर्षीय बच्चा कोरोना पॉजिटिव मिला है। डायरिया होने पर परिजनों ने बच्चे को बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। वहां उसकी जांच हुई तो कोरोना वायरस की पुष्टि हो गई। बच्चे को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है।
कोतवाली थानाक्षेत्र के पन्नालाल मुहल्ला निवासी दो वर्षीय बच्चे को पेट में दर्द होने पर परिजन बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे। चूंकि, मेडिकल कॉलेज आने वाले सभी मरीजों की जांच होती है, ऐसे में बच्चे का भी सैंपल लेकर जांच के लिए कोविड लैब में भेजा गया। स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद डॉक्टरों ने पाया कि बच्चे को डायरिया हुआ है। इसके अलावा वह एनीमिक भी है। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में बच्चे में कोरोना वायरस की पुष्टि हो गई। अब तक यह नहीं पता चला है कि बच्चा कब और किससे कोरोना संक्रमित हुआ। बच्चे की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद माता-पिता व परिजनों के सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है।