झांसी जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र में बालू घाट पर चल रहे अवैध खनन ने बुधवार रात दो मजदूरों को चपेट में ले लिया। अवैध खनन में काम कर रहे दो मजदूर बालू के टिले के नीचे दब गए। इस दौरान एक की मौत हो गई जबकि दूसरा बुरी तरह घायल हो गया है।
बताया गया कि समथरी डेरा में बालू के अवैध खनन का काम चल रहा था। इसमें काम कर रहा मजदूर प्रमोद राजपूत बालू के टिले की चपेट में आ गया। इस दौरान उसके साथ ही दोस्त बालमुकुंद भी दब गया।
दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां इलाज के दौरान प्रमोद की मौत हो गई। वहीं बालमुकुंद बुरी तरह से घायल है।
परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर मेडीकल कॉलेज में जमकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि अवैध खनन माफिया दोनों को मजदूरी के लिए जबरन घर से ले गया था और वहां जाकर उनकी हत्या कर दी।