अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शासन ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती रोगियों की बेड शीट रोजाना बदलने के लिए करीब दो माह पहले तीन रंग की दो हजार से ज्यादा बेडशीट भेजी थी, जो स्टोर में धूल फांक रही है। ये बेडशीट कब बिछेंगी, इसका कॉलेज प्रशासन के जिम्मेदारों के पास जवाब नहीं है। अभी वार्डों में नियमित रूप से बेडशीट नहीं बदली जा रही है।
करीब छह माह पूर्व तत्कालीन स्वास्थ्य सचिव पार्थसारथी जैन मेडिकल कॉलेज का दौरा करने आए थे। उन्होंने भर्ती रोगियों की बेडशीट नियमित बदलने के आदेश दिए थे। कॉलेज प्रशासन ने तीन रंग (सफेद, आसमानी व डार्क ब्लू) की बेडशीट की मांग करते हुए दिनों का निर्धारण किया। शासन ने करीब दो माह पहले दो हजार से ज्यादा बेडशीट भेज दी। सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि जल्द ही दिनों का निर्धारण कर बेडशीटों को वार्डों में बिछाना शुरू कराया जाएगा।