संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। सीबीआई ने 70 लाख रुपये के रिश्वत मामले में सीजीएसटी की महिला अफसर के साथ पांच लोगों की गिरफ्तारी की। इससे शहर में सनसनी फैल गई। सीजीएसटी की डिप्टी कमिश्नर व दो अधीक्षकों पर कार्रवाई से जहां सीजीएसटी कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा वहीं अधिवक्ता व व्यापारी के पकड़े जाने के बाद प्रतिष्ठान में ताला लटका रहा।
लखनऊ से आई सीबीआई टीम ने सीजीएसटी विभाग की डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी व दो अधीक्षक अजय चंद्र शर्मा और अनिल तिवारी को दबोचा तो विभाग में खलबली मच गई। वहीं, सीजीएसटी के अधिवक्ता नरेश गुप्ता के अलावा झोकनबाग स्थित हार्डवेयर व्यापारी को भी पकड़ लिया। बुधवार को झोकनबाग स्थित प्रतिष्ठान का ताला न खुलने से आसपास के व्यापारियों में बेचैनी दिखी। हालांकि, शाम होते-होते सीबीआई के आधिकारिक बयान के बाद स्थिति स्पष्ट हुई। इस बीच सीजीएसटी की कार्यप्रणाली व विभाग की पिछली कार्रवाई पर भी सवालिया निशान उठने लगे हैं।