झांसी। चिरगांव क्षेत्र में अवैध बालू खनन पर रोक नहीं लगने पर दो दरोगा समेत छह पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने चिरगांव थाने में तैनात सबइंस्पेक्टर रामगोपाल, भुवराम, हेडकांस्टेबल रविकांत त्रिपाठी, रमेश शंकर तिवारी, कांस्टेबल रामू आर्य एवं गोविंद सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। अवैध खनन में एक साथ छह पुलिसकर्मियों पर गाज गिरने पुलिस महकमे में हड़कंप है।
अवैध खनन न हो, इसके लिए शासन बराबर निर्देश दे रहा है। लेकिन, इसके बाद भी अवैध खनन की लगातार शिकायतें आ रही हैं। जिले में सबसे अधिक शिकायतें चिरगांव, गरौठा, एरच, रामनगर इलाके से आ रही हैं। कई बार यहां सख्ती करने के निर्देश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय पुलिस कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है।
इनमें से कई स्थानों पर सरकारी कर्मियों के मिलीभगत के भी आरोप लगते रहे हैं। यह शिकायतें शासन स्तर तक भी पहुंचीं। तमाम चेतावनी के बावजूद भी खनन नहीं थमने पर आखिरकार एसएसपी दिनेश कुमार पी ने चिरगांव इलाके से कार्रवाई शुरू कर दी है। यहां छह पुलिसकर्मियों को अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का खामियाजा भुगतना पड़ा। सबइंस्पेक्टर रामगोपाल, भुवराम, हेडकांस्टेबल रविकांत त्रिपाठी, रमेश शंकर तिवारी, कांस्टेबल रामू आर्य एवं गोविंद सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। एसपी ग्रामीण नैपाल सिंह के मुताबिक सभी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।