संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। सोमवार की रात मोंठ थाना क्षेत्र के कुम्हरार हाईवे कट के पास झांसी-कानपुर हाईवे के किनारे सर्विस रोड से पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से आठ किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी ने बताया कि 13 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने झांसी-कानपुर हाईवे के सर्विस रोड पर स्थित कुम्हरार कट के पास चेकिंग अभियान। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए, जिन्हें रोककर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान उनके पास से आठ किलो गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान राकेश चौरसिया निवासी मोहल्ला कटरा बाजार व श्रीप्रकाश अहिरवार निवासी बड़ापुरा के रूप में हुई है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल दीप तिवारी व कांस्टेबल देवेंद्र सिंह शामिल रहे।
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त राकेश चौरसिया एक शातिर तस्कर है और इसके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। जबकि, दूसरे अभियुक्त श्रीप्रकाश अहिरवार पर फिलहाल इसी मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।