झांसी। महानगर के इलाहाबाद बैंक चौराहा के पास मंगलवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से गैराज समेत दो दुकानों में आग लग गई। इससे गैराज में खड़ी दो कारें समेत दुकानों में रखा लाखों का माल जल गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया।
इलाहाबाद बैंक चौराहा से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर पंचकुइयां निवासी नईम का गैराज बना हुआ है। गैराज के बगल में सिकंदर व बबलू की सीट रिपेयरिंग की दुकान है। गणतंत्र दिवस पर दुकानें बंद थीं। इस बीच दोपहर दो बजे शॉर्ट सर्किट से गैराज समेत दोनों दुकानों से धुआं उठने लगा। लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग की लपटें उठने लगीं। लोगों से सूचना पाकर दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। तब तक गैराज में रखीं दो कारें व लाखों का माल जल चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुुंचकर जांच की है।