यूपी के ट्रायल मैच में झांसी के भी दो खिलाड़ी
झांसी। यूपी की अंडर-23 टीम में शामिल होने के लिए महानगर के दो खिलाड़ी अक्षय सेन व कुणाल यादव कानपुर में चल रहे ट्रायल मैचों में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। शानदार प्रदर्शन की बदौलत दोनों खिलाड़ियों का यूपी के ट्रायल मैच के लिए चयन हुआ है। इससे पहले दोनों खिलाड़ी बीसीसीआई की ओर से आयोजित कैंप भी कर चुके हैं।
कानपुर के कमला क्लब मैदान में यूपी की अंडर-23 टीम के गठन के लिए ट्रायल मैच खेले जा रहे हैं। कई टीम को पूल में बांटकर उनके बीच होने वाले मैच के बाद शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की सूची जारी होगी। इन मैचों में महानगर के दो खिलाड़ी मिशन कंपाउंड निवासी कुणाल यादव व शहर क्षेत्र के अक्षय सेन शामिल है। दोनों गेंदबाज हैं, जिसमें से एक तेज गेंदबाजी करने में माहिर है तो दूसरा लेफ्ट आर्म स्पिनर में महारथ हासिल किए हुए हैं। दोनों अपनी गेंदबाजी के बल पर टीम में जगह बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
दोनों खिलाड़ी अंडर-19 और अंडर-21 में यूपी टीम का हिस्सा रह चुके हैं तथा पूर्व में बीसीसीआई की तरफ से नेशनल क्रिकेट कैंप और जोनल क्रिकेट कैंप में रहकर अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवा चुके हैं। बता दें कि दोनों खिलाड़ियों ने दस वर्ष पूर्व क्रिकेट का प्रशिक्षण लेना शुरू किया था। मैदान पर दोनों की अच्छी गेंदबाजी के चलते टीम में जगह बनाने में सफल रहे और अब तक कई मैचों में जीत भी दिलाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं।