झांसी। शहर में जल्द ही दो और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने नगरीय पीएचसी के लिए जगह चिह्नित कर ली है। एक सप्ताह में इनका शुभारंभ हो जाएगा।
गौरतलब है कि नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मलिन बस्ती में तीस हजार की आबादी में खोले जाते हैं। इसमें डॉक्टर, फॉर्मासिस्ट, एएनएम, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन आदि स्टाफ रहता है। यहां प्रसूति रोग, टीकाकरण समेत बच्चों और गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व व पश्चात देखभाल की जाती है।
मौजूदा समय में दस नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। अब तालपुरा और आईटीआई के पीछे नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और खुल जाने से इनकी संख्या बारह हो जाएगी।
करीब पंद्रह साल से उक्त दोनों स्थानों पर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रस्तावित थे। कई मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के कार्यकाल गुजर गए लेकिन किसी ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया।
खास बात तो यह है कि स्वास्थ्य विभाग को प्रस्तावित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या तो पता थी लेकिन उनके स्थान की जानकारी नहीं थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार यादव के संज्ञान में यह मामला आने के बाद उन्होंने खोजबीन करवाई, तब जाकर उक्त दोनों स्थानों पर केंद्र प्रस्तावित होने की जानकारी हो पाई।