मुफ्ती खालिद को 12 दिसंबर को एनआईए की टीम ने हिरासत में लिया था। टीम जब मुफ्ती को अपने साथ लेकर जा रही थी, तो मोहल्ले के लोगों ने धक्कामुक्की कर उन्हें छुड़ा लिया था।
मुफ्ती खालिद नदवी को एनआईए की टीम से छुड़ाने के मामले में नामजद दो और आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं। एक आरोपी पहले पकड़ा जा चुका है। वीडियो फुटेज के सहारे अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है। ड्रोन से भी सर्च ऑपरेशन चल रहे हैं।
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र के अलीगोल मोहल्ले में रहने वाले मुफ्ती खालिद को 12 दिसंबर को एनआईए की टीम ने हिरासत में लिया था। टीम जब मुफ्ती को अपने साथ लेकर जा रही थी, तो मोहल्ले के लोगों ने धक्कामुक्की कर उन्हें छुड़ा लिया था। हालांकि, बाद में पूछताछ के बाद टीम ने मुफ्ती को छोड़ दिया था। पुलिस ने मुफ्ती को छुड़ाने के आरोप में 11 नामजद और 100 अज्ञात महिलाओं और पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
नामजद आरोपियों में सबसे पहले परवेज को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया था। दो अन्य आरोपी मुकरयाना निवासी जकरया पुत्र छोटे और गुफरान पुत्र निजाम को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
पुलिस के हाथ लगे 52 वीडियो
पुलिस के हाथ अब तक घटना से जुड़े 52 वीडियो लग चुके हैं। इनमें मोबाइल से बनाए गए वीडियो के अलावा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी है। इन वीडियो के सहारे पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है। इनमें कई की पहचान हो चुकी है, लेकिन पुलिस पहले नामजद की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
ड्रोन से भी सर्च ऑपरेशन
इस मामले के ज्यादातर आरोपी भूमिगत हो गए हैं। यही वजह है कि घटना के चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ सिर्फ तीन नामजद आरोपी ही चढ़ पाए हैं। ऐसे में आरोपियों की तलाश में पुलिस ने ड्रोन से भी सर्च ऑपरेशन चला रही है।