संवाद न्यूज एजेंसी
बंगरा/लुहारी। उल्दन थाना इलाके के ग्राम हाटी में एक युवक ने शादी के दो माह बाद ही गले में फंदा कसकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार युवक ने गृह कलह से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
ग्राम पंचायत हाटी निवासी घनश्याम साहू का पुत्र भगवत साहू (24) सोमवार की शाम तकरीबन पांच बजे घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था। रात नौ बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसे तलाश करते हुए खेत पर पहुंचे। खेत पर भगवत का शव पेड़ के सहारे फंदे पर लटका मिला। सूचना पर उल्दन थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना के संबंध में उल्दन थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। गृह कलह से तंग आकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया है। हालांकि, मामले की जांच की जा रही है।
ग्राम प्रधान दीपेश कुमार ने बताया कि मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसकी दो माह पहले ही शादी हुई थी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।