संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म संख्या एक, दो व तीन पर यात्रियों को आने-जाने के लिए एक करोड़ से दो लिफ्ट लगाई जाएंगी। इसका काम जल्द ही शुरू किया जाएगा। बीमार व असहाय यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे पर आने-जाने में काफी आसानी होगी।
यात्रियों को प्लेटफार्म एक से दो, तीन और चार नंबर पर आने-जाने के लिए दो फुटओवर ब्रिज बनाए गए हैं। नई बिल्डिंग के सामने दो वर्ष पहले ही नया फुटओवर ब्रिज बनाया गया है, इससे यात्रियों को काफी हद तक चढ़ने-उतरने में आसानी होती है। आरपीएफ थाने के पास भी प्लेटफार्म एक पर और दो व तीन पर फुटओवर ब्रिज के साथ इसके दूसरी ओर एक-एक एस्केलेटर लगा है। लेकिन, यह एस्केलेटर फुटओवर ब्रिज पर सिर्फ ऊपर चढ़ने के लिए है, उतरने के लिए यात्रियों को सीढ़ियों का ही सहारा लेना पड़ता है। इससे बीमार व दिव्यांग यात्रियों को दिक्कत होती है। अब प्लेटफार्म संख्या एक, दो व तीन पर एक-एक लिफ्ट लगाई जाएगी।
-
स्टेशन पर बढ़ रहीं सुविधाएं : स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही ट्रेनों का ठहराव भी बढ़ रहा है। प्लेटफार्म पर यात्री सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं। स्टेशन का जहां सुंदरीकरण किया जा रहा है, वहीं प्लेटफार्म एक पर उपस्टेशन अधीक्षक कार्यालय के पास बने महिला व यात्री प्रतीक्षालयों का पुनरुद्धार किया गया है। इन प्रतीक्षालयों को वातानुकूलित किया गया है। यहां आसपास के पर्यटन स्थलों की तस्वीरें दीवारों पर लगाई गई हैं, ताकि यात्रियों को पर्यटन स्थलों की जानकारी हो सके।
ललितपुर स्टेशन के प्लेटफार्म एक, दो व तीन पर एक-एक लिफ्ट लगाई जानी है। इसका काम जल्द ही शुरू किया जाएगा। इन दोनों लिफ्ट लगाने में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत आएगी।
-मनोज कुमार, पीआरओ।